रिपोर्ट: अरुण यादव

आज़मगढ़। जिले के रौनापार थाना क्षेत्र के कांखभार गांव में सोमवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के सिवान में एक युवक का शव पेड़ से लटकता हुआ मिला। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर जुट गए, वहीं पुलिस ने पहुंचकर शव को कब्जे में लिया।


मिली जानकारी के अनुसार रौनापार थाना क्षेत्र के कांखभार गांव निवासी 25 वर्षीय पिंटू  शटरिंग का काम करता था। परिजनों के अनुसार पिंटू रविवार की रात घर में सोया था, लेकिन रात करीब 12 बजे शौच के लिए बाहर निकला और इसके बाद वापस नहीं लौटा। सोमवार की सुबह घर से लगभग 100 मीटर दूर गांव के सिवान में एक पेड़ से गमछे के सहारे उसका शव लटकता हुआ पाया गया।

खेत की ओर गए ग्रामीणों ने शव देखा तो परिजनों को सूचना दी। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पिंटू तीन बहनों में अकेला भाई था और उसके दो बेटियां हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को नीचे उतरवाया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है।