रिपोर्ट: अरुण यादव

आजमगढ़। पंचायत चुनाव की सरगर्मी के बीच जहानागंज थाना क्षेत्र के ग्राम बोहना में चुनावी रंजिश उस वक्त खुलकर सामने आ गई, जब दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुल 14 लोगों को गिरफ्तार किया, जिनमें 3 महिलाएं और 12 पुरुष शामिल हैं।

पंचायत चुनाव को लेकर उत्पन्न विवाद में आमने–सामने आए दो पक्षों के बीच हुई मारपीट के मामले में थाना जहानागंज पुलिस ने सख्ती दिखाई है। थाना प्रभारी अतुल कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रित करते हुए दोनों पक्षों के कुल 14 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।

शानिवार को थाना जहानागंज क्षेत्रान्तर्गत ग्राम बोहना में आगामी पंचायत चुनाव को लेकर दो पक्ष एक-दूसरे को नीचा दिखाने के उद्देश्य से विवाद में उलझ गए। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्ष लाठी–डंडा व रम्मा लेकर एक-दूसरे को ललकारते हुए हाथापाई व मारपीट पर उतर आए। इस दौरान जान से मारने की धमकियां भी दी गईं, जिससे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना जहानागंज पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और बीच-बचाव कर स्थिति को काबू में किया। पुलिस ने शांति व्यवस्था भंग होने की प्रबल आशंका को देखते हुए  कुल 14 व्यक्तियों को कारण गिरफ्तारी में लिया।

पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में प्रथम पक्ष से राजदीप सरोज पुत्र फिरतू सरोज, बल्लू सरोज पुत्र टिल्ठू सरोज, नेहाल सिंह पुत्र राजेश सिंह, प्रद्युम्न कुमार पुत्र संजय राम, माया देवी पत्नी दीपक सरोज, पूजा सरोज पुत्र मोहन सरोज, सभी निवासी ग्राम बोहना, थाना जहानागंज तथा अंकित शर्मा पुत्र संतोष शर्मा निवासी सेमरौल, थाना जहानागंज शामिल हैं। वहीं द्वितीय पक्ष से राकेश सरोज पुत्र स्व0 किशोरी सरोज, बहादुर सरोज पुत्र स्व0 बल्ली सरोज, राजकुमार पुत्र स्व0 धमड़ी, बाला देवी पत्नी राकेश सरोज, संतोष उर्फ गोलू सरोज पुत्र राजकुमार, घुरवीन सरोज पुत्र स्व0 लक्षन एवं साधू सरोज पुत्र स्व0 लक्षन, सभी निवासी ग्राम बोहना, थाना जहानागंज को गिरफ्तार किया गया है।