आजमगढ़। जिले के तहसील सगड़ी में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में अपर आयुक्त-न्यायिक डॉ. अर्चना द्विवेदी ने कुल 70 शिकायतों की सुनवाई की और कई मामलों का मौके पर निस्तारण कराया।

डॉ. अर्चना द्विवेदी ने शनिवार को तहसील सगड़ी में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता की। इस दौरान 70 प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए गए, जिनमें राजस्व के 37, पुलिस के 27, विकास के 3 और अन्य मामलों के 3 प्रार्थना पत्र शामिल थे।


उन्होंने मौके पर ही 3 मामलों का निस्तारण कराया और 4 मामलों में टीम भेजकर तत्काल निस्तारण सुनिश्चित किया। शेष प्रार्थना पत्रों को निर्धारित समय में निस्तारित करने हेतु संबंधित विभागों को भेजा गया।


जन समस्याओं के निस्तारण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए डॉ. द्विवेदी ने पिछले समाधान दिवसों में निस्तारित मामलों के लगभग सभी शिकायतकर्ताओं से टेलीफोन पर फीडबैक लिया। अधिकांश ने संतोष व्यक्त किया, जबकि एक शिकायतकर्ता ने असहमति जताई, लेकिन कोई तर्कसंगत कारण नहीं बताया।


एक मामले में शिकायतकर्ता को मौके पर बुलाकर लेखपाल को निर्देशित किया गया कि पूर्व के निर्देशों के अनुसार तुरंत मौके पर जाएँ और पैमाइश कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें।


इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सगड़ी श्याम प्रताप सिंह, क्षेत्राधिकारी पुलिस अनिल कुमार वर्मा, तहसीलदार शिवप्रकाश सराज सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।