आजमगढ़। मंडलायुक्त विवेक की अध्यक्षता में सोमवार को मंडलायुक्त सभागार में मंडलीय कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आजमगढ़, मऊ और बलिया जनपदों की कानून-व्यवस्था, अभियोजन, अपराध नियंत्रण और आगामी त्योहारों व चुनावी तैयारियों की समीक्षा की गई।
बैठक में पुलिस उप महानिरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने मंडलायुक्त को अवगत कराया कि बीते माह जनपद बलिया में आयोजित ऐतिहासिक ददरी मेला तथा मुख्यमंत्री के भ्रमण कार्यक्रम को सकुशल संपन्न कराया गया। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत के दौरान तीनों जनपदों में बड़े पैमाने पर वादों का निस्तारण किया गया है।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि एससी/एसटी एक्ट और पॉक्सो एक्ट के मामलों में प्रभावी पैरवी करते हुए दोषियों को सजा दिलाई गई है। बीते माह सभी प्रमुख त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराए गए, जिनमें किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई।
पुलिस उप महानिरीक्षक ने बताया कि हाल के दिनों में घटित कुछ हत्याओं के मामलों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए आरोपियों को जेल भेजा गया है, जबकि कुछ मामलों में अपराधियों के हाफ एनकाउंटर भी किए गए हैं।
मंडलायुक्त विवेक ने निर्देश दिया कि विभिन्न मामलों में लंबित अपीलों की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए, जिससे कोई भी अपराधी छूटने न पाए। उन्होंने अधिक से अधिक सम्मन तामिला कराते हुए मामलों के शीघ्र निस्तारण पर जोर दिया।
मंडलायुक्त ने तीनों जनपदों के पुलिस अधीक्षकों को निर्देशित किया कि आगामी क्रिसमस और नववर्ष के अवसर पर धार्मिक स्थलों, पर्यटक स्थलों तथा प्रमुख घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए जाएं। इसके साथ ही पंचायत चुनाव को ध्यान में रखते हुए अभी से तैयारियां सुनिश्चित करने, संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने तथा गोलबंदी जैसी गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी आजमगढ़ रविंद्र कुमार, जिलाधिकारी मऊ प्रवीण मिश्रा, जिलाधिकारी बलिया मंगला प्रसाद सिंह, पुलिस अधीक्षक मऊ इला मारन, पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आजमगढ़ चिराग जैन, अपर आयुक्त, संयुक्त निदेशक अभियोजन सहित मंडल स्तरीय अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
