रिपोर्ट: अरुण यादव

आज़मगढ़। जमीन की दोहरी रजिस्ट्री कर धोखाधड़ी करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर एक ही जमीन को दो लोगों के नाम रजिस्ट्री करने का आरोप है, जिससे पीड़ित को आर्थिक व कानूनी नुकसान उठाना पड़ा।

वादी श्रीचन्द पाल पुत्र मनिराम पाल, निवासी ग्राम बैठोली, पोस्ट शाहगढ़, जनपद आज़मगढ़ द्वारा थाना कोतवाली में प्रार्थना पत्र दिया गया था। वादी के अनुसार चार मार्च को अतवारू राजभर पुत्र किशोरी राजभर, निवासी ग्राम बेलहरा, पोस्ट सठियांव, जनपद आज़मगढ़ ने अपनी 3 बिस्सा 7 कड़ी भूमि की रजिस्ट्री वादी के पक्ष में की थी, जिस पर वादी का कब्जा भी हो गया था।
बाद में यह तथ्य सामने आया कि उक्त भूमि की रजिस्ट्री पूर्व में ही राधिका पत्नी रामबदन यादव के नाम की जा चुकी थी, जिसकी जानकारी वादी को नहीं दी गई। इस संबंध में थाना कोतवाली पर  मुकदमा पंजीकृत किया गया।


विवेचना के दौरान सोमवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मुकदमे से संबंधित वांछित अभियुक्त अतवारू राजभर को खोजिया चट्टी बेलहरा तिराहा, थाना मुबारकपुर क्षेत्र से शाम को गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त से पूछताछ की जा रही है और अग्रिम विधिक कार्रवाई प्रचलित है।