आजमगढ़। भारत रत्न, ओजस्वी वक्ता और सुशासन के प्रतीक रहे पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 100वीं जयंती पर आजमगढ़ में उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। भारतीय राजनीति को नई दिशा देने वाले अटल जी के व्यक्तित्व और कृतित्व को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भाजपा जिला कार्यालय में विशेष प्रदर्शनी और संगोष्ठी का आयोजन हुआ।
भारतीय जनता पार्टी जिलाध्यक्ष आजमगढ़ सदर ध्रुव सिंह की अध्यक्षता में जिला कार्यालय पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 100वीं जयंती के अवसर पर उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर आधारित प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्य अतिथि पूर्वांचल विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक नरेंद्र सिंह ने किया।
इस अवसर पर आयोजित संगोष्ठी को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि नरेंद्र सिंह ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी विराट व्यक्तित्व के धनी थे। भाजपा के संस्थापक अध्यक्ष और तीन बार देश के प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने भारत माता की निस्वार्थ सेवा की। उन्होंने कहा कि मुझे अटल जी के साथ कई अवसरों पर कार्य करने का सौभाग्य मिला। उनका व्यक्तित्व इतना विशाल था कि उनके कद का कोई दूसरा व्यक्तित्व मुझे दिखाई नहीं देता।
नरेंद्र सिंह ने कहा कि अटल जी को देश ने उनके अतुलनीय योगदान के लिए भारत रत्न से सम्मानित किया, जो उनके जीवन और कर्मों का सर्वोच्च सम्मान है। भाजपा उनके जन्मदिन को सुशासन दिवस के रूप में मनाती है। अटल जी ने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्र सेवा, लोकतांत्रिक मूल्यों और विकास के लिए समर्पित कर दिया। वे हम सभी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगे।
कार्यक्रम में जिला प्रभारी अशोक सिंह, अखिलेश मिश्रा गुड्डू, श्री कृष्ण पाल, देवेंद्र सिंह, प्रेम प्रकाश राय, माला द्विवेदी, डॉ. श्याम नारायण सिंह, सच्चिदानंद सिंह, पवन सिंह मुन्ना, राजीव शुक्ला, नन्हकूराम सरोज, पूनम सिंह, विभा बरनवाल, अवनीश मिश्रा, मृगांक शेखर सिन्हा, विवेक निषाद, अवनीश चतुर्वेदी, शोभित श्रीवास्तव, नीरज सिंह, मुंशी निषाद, रमेश सैनी, योगेंद्र यादव, अजय मौर्य सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
