रिपोर्ट: अरुण यादव

आज़मगढ़ । जिले में पुलिस और शातिर ठग के बीच हुई मुठभेड़ ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। पूजा-पाठ के नाम पर महिलाओं को ठगने वाला अन्तरजनपदीय टप्पेबाज पुलिस की घेराबंदी में आ गया। जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल हुआ और उसके कब्जे से लाखों रुपये के जेवरात, नकदी, अवैध असलहा और बाइक बरामद की गई।

शनिवार को थाना निजामाबाद पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की। थाना क्षेत्र में हुई टप्पेबाजी की घटना का सफल अनावरण करते हुए पुलिस ने अन्तरजनपदीय शातिर टप्पेबाज कृष्ण मुरारी मिश्रा उर्फ पिन्टू पुत्र राजेन्द्र प्रसाद मिश्रा, निवासी सोनारी थाना गौराबादशाहपुर जनपद जौनपुर को पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार किया।


एसपी नगर मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि बीते 18 दिसम्बर को थाना निजामाबाद अंतर्गत ग्राम बड़हरिया में पूजा-पाठ कराने के बहाने महेन्द्र मौर्य के घर की महिलाओं से सोने के जेवरात ठग लिए गए थे। इस संबंध में थाना निजामाबाद पर मुकदमा दर्ज किया गया था।


गिरफ्तारी के क्रम में थानाध्यक्ष हीरेन्द्र प्रताप सिंह को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी बड़ागांव नहर पुलिया पर जेवरात बेचने के लिए किसी व्यक्ति का इंतजार कर रहा है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आत्मसमर्पण के लिए कहा, लेकिन आरोपी ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में गोली आरोपी के पैर में लगी और उसे पकड़ लिया गया।  घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए सीएचसी रानी की सराय भेजा गया।


पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अदद तमंचा ,  कारतूस, लगभग 1.25 लाख रुपये मूल्य के ठगी किए गए जेवरात, जेवरात बिक्री के 25 हजार रुपये नकद, एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त  मोटरसाइकिल (बिना नंबर प्लेट) बरामद की है


पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह साधु/पंडित का भेष धारण कर ग्रामीण इलाकों में महिलाओं को किसी अनिष्ट या दोष का भय दिखाकर विश्वास जीतता था। पूजा के नाम पर जेवरात लेकर मंत्र पढ़ने का नाटक करता और मौका पाकर फरार हो जाता था। बाद में वह जेवरात बेचकर स्थान बदल लेता था ताकि पुलिस से बच सके।