रिपोर्ट: एसपी त्रिपाठी

आज़मगढ़। नववर्ष का जश्न अगर सड़क पर हुड़दंग के साथ मनाने की मंशा है, तो अब संभल जाना ही बेहतर होगा। आज़मगढ़ पुलिस ने  सख्त आदेश जारी किया है कि  इस बार न्यू ईयर की आड़ में कानून तोड़ने वालों से किसी तरह की नरमी नहीं बरती जाएगी। हुड़दंग, स्टंट, नशेबाजी और तेज रफ्तार के खिलाफ पुलिस पूरी तरह सख्त मूड में है।

नववर्ष के अवसर पर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से आज़मगढ़ पुलिस द्वारा सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। आदेश में कहा गया है कि नव वर्ष का जश्न मनाने की आड़ में कायदे-कानून तोड़ने वाले लोगों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने चेतावनी दी है कि सड़क पर हुड़दंग, खतरनाक स्टंट, तेज रफ्तार और शराब के नशे में वाहन चलाने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में पुलिस न केवल गिरफ्तारी करेगी, बल्कि वाहन सीज करने के साथ आवश्यकता पड़ने पर आरोपियों को जेल भी भेजा जाएगा।


न्यू ईयर पार्टी के लिए अनुमति रात्रि 01 बजे तक ही मान्य होगी। इसके बाद किसी भी प्रकार का शोर-शराबा या अवैध आयोजन नियमों का उल्लंघन माना जाएगा।  शराब पीकर वाहन चलाना दुर्घटनाओं को न्योता देता है, इसलिए इस पर जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई होगी।
यह आदेश 30 दिसंबर से 5 जनवरी तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान जनपद के मॉल, होटल, पब, क्लब, बार एवं बैंक्वेट हॉल पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। साथ ही मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों और प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।


आज़मगढ़ पुलिस ने लोगों  से अपील की है कि नववर्ष का उत्सव शालीनता, अनुशासन और कानून के दायरे में रहकर मनाएं, ताकि खुशियों का यह मौका किसी हादसे या कार्रवाई में न बदल जाए।