आज़मगढ़। नृत्य की लय, पगों की थाप और भावों की अभिव्यक्ति के बीच 24वें हुनर रंग महोत्सव का दूसरा दिन पूरी तरह कला के रंग में रंगा नजर आया। अग्रसेन महिला महाविद्यालय के प्रांगण में चल रहे इस महोत्सव में देश के विभिन्न राज्यों से आए कलाकारों ने अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया।
रंगमंच एवं ललित कलाओं को समर्पित हुनर सामाजिक, साहित्यिक और सांस्कृतिक संस्था द्वारा आयोजित महोत्सव के दूसरे दिन का उद्घाटन माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष सूरज प्रकाश श्रीवास्तव, वरिष्ठ व्यवसायी अनूप कुमार अग्रवाल, अशोक कुमार अग्रवाल एवं ज्योतिषाचार्य सत्यम गुरु ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम में आए अतिथियों का स्वागत स्वागताध्यक्ष अभिषेक जायसवाल ‘दीनू’ तथा संस्था अध्यक्ष मनोज यादव ने किया।
महोत्सव के प्रथम सत्र में उत्तराखंड के आर.पी.पी.यस. डांस ग्रुप द्वारा प्रस्तुत गढ़वाली लोकनृत्य ने पहाड़ों की लोकसंस्कृति को मंच पर जीवंत कर दिया। पारंपरिक वेशभूषा, तालबद्ध कदम और ऊर्जावान समूह संयोजन ने सभागार को तालियों से गूंजा दिया।
वहीं उड़ीसा की अन्वी, विद्या श्री साहू नृत्यांजलि ग्रुप के कलाकारों ने अपनी धमाकेदार प्रस्तुति से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। ओडिशी नृत्य की शास्त्रीय गरिमा, भावपूर्ण मुद्राएं, नेत्राभिनय और संगीत के साथ सधी हुई चाल ने मंच पर मानो कथा को सजीव कर दिया। कलाकारों की सटीक तालमेल, घुंघरुओं की छनक और भावों की गहराई ने दर्शकों को पूरी तरह बांधे रखा। हर प्रस्तुति के बाद सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
इस अवसर पर हेमंत श्रीवास्तव सहित संस्था के पदाधिकारी गौरव, मौर्या, सपना बनर्जी, प्रमोद कुमार सिंह, गजराज प्रसाद, कमलेश सोनकर, राज पासवान, रवि गोंड समेत बड़ी संख्या में कला प्रेमी, गणमान्य नागरिक और युवा दर्शक मौजूद रहे।
