आज़मगढ़। जिले के तहबरपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार शिक्षक की मौत हो गई। बाजार से घर लौटते समय अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भिजवाया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी जान नहीं बच सकी।
मिली जानकारी के अनुसार, तहबरपुर थाना क्षेत्र के खलिया सेमरी गांव निवासी 50 वर्षीय वीरेंद्र यादव प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक थे। उनकी तैनाती अहरौला थाना क्षेत्र के देवहट्टा स्थित प्राथमिक विद्यालय में थी।
शुक्रवार को वह किसी काम से बाजार गए थे और रात करीब नौ बजे साइकिल से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह मंझारी बाजार के पास पहुंचे, पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया।
दुर्घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल शिक्षक को एंबुलेंस की मदद से तहबरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें रेफर कर दिया। मंडलीय अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वीरेंद्र यादव के परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजन रो-रोकर बेहाल हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है।
