आजमगढ़। जिले के सगड़ी  तहसील के कटाई अल्लाउउ्दीनपट्टी गांव निवासी मदन राय की 17 वर्षीय पैरा तैराक बेटी जिया राय ने पोरबंदर में आयोजित नेशनल ओपन स्विमिंग चैंपियनशिप-2026 में 5 किमी स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया।

मिली जानकारी के अनुसार, जिया राय ने चार जनवरी को पोरबंदर में हुए नेशनल ओपन सी. स्विमिंग चैंपियनशिप-2026 में 5 किमी की दूरी केवल 1 घंटे 42 मिनट में पूरी कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। यह लगातार सातवां वर्ष है जब जिया ने इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में जीत दर्ज की है।


जिया राय की उपलब्धि श्रीराम सी स्विमिंग क्लब और स्विमिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया की देख-रेख में हुई। उन्हें उनकी सफलता और प्रेरणा के लिए भारतीय सेना के कर्नल हरीश राणा और कर्नल जसवीर लांबा द्वारा सम्मानित किया गया।


जिया की कहानी सिर्फ खेल की नहीं है। उनके दृढ़ संकल्प और लचीलापन ने विकलांग व्यक्तियों के लिए प्रेरणा का काम किया है। वह खेल के माध्यम से आटिज़्म जागरूकता और दिव्यांग लोगों के अधिकारों की वकालत करती हैं और समाज में समावेशिता और सशक्तिकरण को बढ़ावा देती हैं।