आजमगढ़। दीवानी बार एसोसिएशन के चुनाव का परिणाम मंगलवार की रात सवा नौ बजे घोषित होते ही कचहरी परिसर जश्न में डूब गया। कड़ाके की ठंड और 13 घंटे तक चली मतगणना के बावजूद अधिवक्ताओं और समर्थकों में पूरे दिन उत्साह बना रहा। अध्यक्ष, मंत्री समेत सभी प्रमुख पदों पर विजयी प्रत्याशियों के नाम सामने आते ही समर्थकों ने फूल-मालाओं से स्वागत कर जीत का जश्न मनाया।
मिली जानकारी के अनुसार दीवानी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष पद पर प्रभाकर सिंह 430 मत पाकर निर्वाचित घोषित किए गए। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी जयप्रकाश यादव को 412 मत मिले। प्रभाकर सिंह लगातार चौथी बार दीवानी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष चुने गए हैं। अध्यक्ष पद के अन्य प्रत्याशियों में कृष्ण कुमार पांडेय को 284 मत, अनिल कुमार सिंह को 216, वीरेंद्र प्रताप सिंह को 117, जगदीश प्रसाद यादव को 98, बेलाल अहमद बेग को 81, अशोक कुमार पांडेय को 75, अरुण कुमार यादव को 50, रामधारी सिंह को 40, अशोक कुमार सिंह को 17 तथा शांति स्वरूप मिश्रा को 12 मत मिले।
मंत्री पद पर अनुराग कुमार दीक्षित 536 मत पाकर विजयी घोषित किए गए। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी रमापति सिंह यादव को 321 मत प्राप्त हुए। इस पद के अन्य प्रत्याशियों में विजय बहादुर सिंह को 273, रविंद्र कुमार यादव को 212, अरुणेंद्र कुमार सिंह को 117, ज्योति प्रकाश श्रीवास्तव को 107, जगदंबिका चतुर्वेदी को 100, जफर हुसैन खान को 53, श्याम प्रकाश पांडेय को 44, रतिभान सिंह को 26, मनीष श्रीवास्तव को 21, प्रमोद कुमार गुप्ता को 12 तथा मारुत कुमार पांडेय को 10 मत मिले।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर हरिकेश यादव 410 मत पाकर विजयी हुए। उनके प्रतिद्वंद्वियों में दुर्गा प्रसाद तिवारी को 354, निर्मला वर्मा को 269, सुरेंद्र जायसवाल को 182, विजय बहादुर राय को 168 और देवेंद्र प्रसाद राम को 146 मत मिले।
कनिष्ठ उपाध्यक्ष के दो पदों पर रवि प्रताप सिंह 775 मत तथा हरि कुमार राम 682 मत पाकर निर्वाचित घोषित हुए। इस पद के अन्य प्रत्याशियों में मोहम्मद मेहंदी को 648, श्रवण कुमार सिंह को 490 और अशोक राय को 416 मत मिले।
सहमंत्री के तीन पदों पर सुश्री मिथिलेश गुप्ता 668 मत, विपिन कुमार राय 579 मत और देवदत्त कुमार गोंड 508 मत पाकर विजयी हुए। इस पद के अन्य प्रत्याशियों में संदीप तिवारी को 467, कृष्णानंद यादव को 457, अखिलेश कुमार को 447, प्रहलाद सिंह को 406, ध्रुव कुमार मिश्रा को 388, हरि चरण यादव को 286, शफीउद्दीन मशाल को 246, श्रद्धानंद यादव को 244 और सुधीर कुमार गौतम को 219 मत मिले।
कोषाध्यक्ष पद पर गोविंद चौहान 905 मत पाकर निर्वाचित घोषित हुए। उनके एकमात्र प्रतिद्वंद्वी अरविंद कुमार को 723 मत मिले। ऑडिटर पद पर राम मिलन चौहान 659 मत पाकर विजयी हुए। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी सत्यप्रकाश राय को 598 और तीसरे प्रत्याशी जनार्दन को 546 मत प्राप्त हुए।
वरिष्ठ कार्यकारिणी के छह पदों पर भीष्म राय 1241, अशोक कुमार वर्मा 1223, बलवंत सिंह 1134, राना गोपाल सिंह 1010, सुरेंद्र कुमार 965 तथा राजेश पांडेय 960 मत पाकर निर्वाचित घोषित किए गए। अन्य प्रत्याशियों में त्रिभुवन यादव को 946 और विजय उपाध्याय को 884 मत मिले।
कनिष्ठ कार्यकारिणी के सभी छह प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए। इनमें अमरेन्द्र प्रताप सिंह, दीपक कुमार सिंह, प्रदीप मिश्रा, रविंद्र कुमार यादव, शोभनाथ यादव और सरफराज खान शामिल हैं।
इससे पहले सोमवार को सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक सख्त सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान हुआ, जिसमें कुल 2035 अधिवक्ताओं में से 1850 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान प्रतिशत 91 रहा, हालांकि आचार संहिता उल्लंघन के कारण पांच अधिवक्ताओं के मत निरस्त कर दिए गए। अध्यक्ष, मंत्री समेत कुल 16 पदों के लिए 62 प्रत्याशी मैदान में थे।
मंगलवार सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हुई, जो रात नौ बजे तक चली। मतगणना के बाद निर्वाचन अधिकारी बृजेश कुमार सिंह ने सभी परिणामों की औपचारिक घोषणा की। परिणाम घोषित होते ही नव निर्वाचित पदाधिकारियों को एल्डर कमेटी और वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने बधाई दी।
चुनाव और मतगणना को लेकर कचहरी परिसर पूरी तरह छावनी में तब्दील रहा। सुरक्षा के मद्देनजर दस थानों की फोर्स, पीएसी के जवान और अग्निशमन कर्मी तैनात रहे। कोतवाल समेत सभी थानाध्यक्ष लगातार परिसर का चक्रमण करते रहे। परिणाम घोषित होने के बाद पुलिस ने विजयी प्रत्याशियों को सुरक्षा में उनके घर तक पहुंचाया।
