रिपोर्ट: अभिषेक उपाध्याय
आजमगढ़।जिले के जहानागंज थाना क्षेत्र के कादीपुर गांव में मंगलवार की शाम एक सड़क हादसे में स्कूली बस की चपेट में आने से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और आक्रोशित ग्रामीणों ने बस को घेर लिया।
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार की शाम करीब पांच बजे आदर्श पब्लिक स्कूल की बस बच्चों को घर छोड़ने के बाद वापस लौट रही थी। बस कादीपुर गांव की मुख्य सड़क से गुजर रही थी, तभी सड़क किनारे घर के बाहर बैठी 48 वर्षीय फरती देवी को तेज रफ्तार बस ने रौंद दिया। टक्कर के बाद बस पास में रखे पशुओं के नाद से जा टकराई।
हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बस को घेर लिया और पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बस चालक देवेंद्र कुमार खरवार उर्फ डब्बू नशे की हालत में था और बस की रफ्तार काफी तेज थी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू की और चालक समेत बस को थाने ले गई। मृतका फरती देवी के पति लालचंद यादव मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनके दो बेटे भी मजदूरी का काम करते हैं।
चौकी प्रभारी अभिषेक सिंह ने बताया कि स्वजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। घटना के बाद से मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
