
रिपोर्ट_____अरुण यादव
आजमगढ़। तहबरपुर थाना क्षेत्र के मंझारी बाजार में ज्वैलर्स की दुकान से सोने की चेन लूटकर भाग रहे दो आरोपियों ने पीछा कर रहे दुकानदार और स्थानीय लोगों पर फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि गोलीबारी में कोई हताहत नहीं हुआ। स्थानीय लोगों ने साहस और तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों का पीछा किया और ग्राम बैरमपुर में उन्हें पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर उनके कब्जे से बड़ी संख्या में अवैध असलहे और कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर 2026 को दो युवक तहबरपुर क्षेत्र के मंझारी बाजार स्थित राज ज्वैलर्स की दुकान पर सोने की चेन खरीदने के बहाने पहुंचे थे। दोनों ने करीब 8 ग्राम वजन की सोने की चेन पसंद की, जिसकी कीमत लगभग 1.10 लाख रुपये थी। भुगतान के लिए आरोपियों ने दुकानदार से क्यूआर कोड मांगा और भुगतान करने का प्रयास किया, लेकिन दुकानदार के खाते में रकम नहीं पहुंची।
इसी दौरान दोनों आरोपी सोने की चेन लेकर दुकान से भागने लगे। दुकानदार और आसपास मौजूद लोगों ने उनका पीछा किया। आरोप है कि पीछा किए जाने पर दोनों ने असलहा निकाल लिया और लोगों की ओर फायरिंग कर दी। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई, हालांकि लोग बाल-बाल बच गए। स्थानीय लोगों ने हिम्मत नहीं हारी और आरोपियों का पीछा करते हुए ग्राम बैरमपुर में दोनों को पकड़ लिया।
घटना की सूचना मिलने पर उपनिरीक्षक सूर्यपाल यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों आरोपियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से दो .32 बोर की अवैध पिस्टल, दो .315 बोर के तमंचे, तीन खाली मैगजीन, .32 बोर के 10 जिंदा कारतूस, .315 बोर के 8 जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ। इसके अलावा एक चापड़, पेचकस, रेती और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल संख्या UP50BL5646 भी बरामद की गई।
चोरी की बाइक पर बदल दी थी नंबर प्लेट
पूछताछ में आरोपी चन्द्रेश यादव ने पुलिस को बताया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर 31 अगस्त 2026 को न्यायालय के समीप वाहन स्टैंड से एक मोटरसाइकिल चोरी की थी। इसके बाद बाइक की नंबर प्लेट बदलकर उस पर UP50BL5646 नंबर लगा दिया गया। पुलिस के अनुसार, इसी बाइक का इस्तेमाल विभिन्न स्थानों पर लूट, चोरी और झपटमारी की घटनाओं को अंजाम देने में किया जाता था।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों के साथ मिलकर अपराध करने वाले छह अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं। इनमें अनिल यादव उर्फ मेटी, राकेश यादव, अनूप यादव, धर्मेन्द्र यादव उर्फ छोटई, दीपक यादव और रजित यादव शामिल हैं। पुलिस इनके संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।
दोनों आरोपियों पर मुकदमा दर्ज
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चन्द्रेश यादव पुत्र वीरेन्द्र यादव, निवासी जमीनबारी, थाना निजामाबाद और प्रिंस चौहान पुत्र रघुवीर चौहान, निवासी कोटवा, थाना रानी की सराय के रूप में हुई है।
इस मामले में तहबरपुर थाने में मु0अ0सं0 142/2026 के तहत धारा 109, 309(4) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया है। विवेचना के दौरान धारा 3(5), 111 बीएनएस तथा आयुध अधिनियम की संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक सूर्यपाल यादव कर रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी चन्द्रेश यादव का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास सामने आया है। उसके खिलाफ निजामाबाद थाने में मु0अ0सं0 06/2026 के तहत धारा 123, 351(3), 64 और 78 बीएनएस में मुकदमा दर्ज है।
