आजमगढ़। जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत खालिसपुर गांव में मंगलवार की सरेशाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब घर में बैठे एक वृद्ध को बाहर बुलाकर  बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से गांव में सनसनी फैल गई। वही पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की तलाश में जुटीहै।

जानकारी के अनुसार खालिसपुर गांव निवासी 63 वर्षीय लालमन कन्नौजिया मंगलवार की शाम अपने घर पर बैठे थे। तभी बाइक से पहुंचे दो अज्ञात व्यक्तियों ने उन्हें बाहर बुलाया। कुछ देर बातचीत के बाद बदमाशों ने असलहे से फायर झोंक दिया। फायरिंग में वृद्ध घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।  गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर दौड़े, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। घटना की सूचना मिलते ही कप्तानगंज पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। घायल वृद्ध के पुत्र गुलशन की तहरीर पर पुलिस ने दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

कप्तानगंज थानाध्यक्ष जयप्रकाश ने बताया कि अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही  गिरफ्तार कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।