आज़मगढ़। जिले के अहरौला थाना क्षेत्र में गुरुवार की सुबह पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर बड़ा हादसा होते-होते टल गया। माइल स्टोन 205 के पास एक कंटेनर टायर फटने से अनियंत्रित होकर एक्सप्रेस-वे से नीचे पलट गया, हालांकि इस दुर्घटना में चालक और खलासी सुरक्षित बच गए।


मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा गुरुवार की सुबह करीब 10 बजे अहरौला थाना क्षेत्र के सजनी गांव के सामने हुआ। हरियाणा से कंटेनर लेकर पटना माल लोड करने जा रहे इटावा जनपद के गोपालपुर निवासी चालक दिनेश कंटेनर चला रहा था। इसी दौरान कंटेनर का अगला टायर अचानक फट गया, जिससे वाहन असंतुलित हो गया और पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से नीचे जा गिरा। दुर्घटना के बाद चालक और खलासी कंटेनर में ही फंस गए।


घटना की सूचना मिलते ही यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद चालक व खलासी को बाहर निकाला गया। दोनों को मामूली चोटें आई थीं, जिन्हें अहरौला सीएचसी में प्राथमिक उपचार कराया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को छोड़ दिया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा।