रिपोर्ट:अरुण यादव

आजमगढ़। आज़मगढ़ पुलिस ने जन शिकायतों के निस्तारण में एक बार फिर प्रदेश स्तर पर अपनी कार्यकुशलता का लोहा मनवाया है। आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के आधार पर दिसंबर माह की रैंकिंग में आजमगढ़ पुलिस को उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान मिला है।

आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज जन शिकायतों के समुचित, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण की शासन स्तर पर नियमित समीक्षा की जाती है। इसी समीक्षा के आधार पर प्रत्येक माह जनपदों और थानों की रैंकिंग तय की जाती है।

माह दिसंबर 2025 में आजमगढ़ पुलिस द्वारा प्राप्त शिकायती प्रार्थना पत्रों का निर्धारित समय सीमा में प्रभावी निस्तारण करते हुए यथोचित कार्यवाही की गई और पोर्टल पर स्पष्ट आख्या फीड की गई। इसके फलस्वरूप निर्धारित मानकों के आधार पर जारी प्रदेश स्तरीय रैंकिंग में जनपद आजमगढ़ पुलिस को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है।

जनपद के सभी 23 थानों ने भी जन शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के आधार पर रैंकिंग में प्रथम स्थान हासिल किया है।

पुलिस अधीक्षक  डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में आजमगढ़ पुलिस द्वारा यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की गई है।

आजमगढ़ पुलिस की इस उपलब्धि पर उच्चाधिकारीगण द्वारा पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना भी की गई है।