रिपोर्ट: अरुण यादव
आजमगढ़। चंद घंटे के अंदर पुलिस ने जिले में सक्रिय अपराधियों पर शिकंजा कसा और दो थाना क्षेत्रों में ताबड़तोड़ मुठभेड़ों में दो अंतर्जनपदीय सहित तीन शातिर बदमाशों को दबोच लिया। दूसरी मुठभेड़ भी लालगंज सर्किल के देवगांव कोतवाली क्षेत्र में हुई, जिसमें गौकशी, पशु और वाहन चोरी के दो बदमाश घायल होकर गिरफ्तार हुए, जबकि पहली मुठभेड़ तरवां थाना क्षेत्र में हुई थी।
देवगांव कोतवाली क्षेत्र में दो थानों की पुलिस के सयुंक्त ऑपरेशन में हुई मुठभेड़ में पशु चोरी, वाहन चोरी और गौकशी के दो अन्तर्जनपदीय बदमाश घायल हो गए , जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार किया। दोनों बदमाशों के पास से असलहा और चोरी का पिकअप वाहन बरामद हुआ।
कोतवाली देवगांव एवं गम्भीरपुर की संयुक्त पुलिस टीम ने बीती रात करीब डेढ़ बजे कैथीशंकरपुर पुलिया के पास संदिग्ध पिकअप वाहन को रोकने का प्रयास किया। वाहन में सवार दो बदमाश हारून उर्फ नाटे उर्फ करिया निवासी मुहम्मदपुर गंभीरपुर और मो0 आजिम उर्फ मुन्ना निवासी कस्बा देवगांव ने पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की।
जिसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी। घायल अपराधियों को तत्काल जिला अस्पताल आजमगढ़ भेजा गया। पुलिस ने उनके कब्जे से 2 देशी तमंचे और कारतूस बरामद किया, साथ ही चोरी का पिकअप वाहन भी मिला।
सीओ लालगंज भूपेश पांडेय ने बताया कि घायल अभियुक्त नाटे के ऊपर आजमगढ़, जौनपुर और रायबरेली समेत कई जिलों में पशु चोरी, वाहन चोरी और गौकशी के 50 से अधिक मामले दर्ज हैं। जबकि अज़ीम के ऊपर दस मुकदमे दर्ज है। उन्होंने बताया कि ये दोनों संगठित गिरोह के सदस्य थे, जो दिन में रेकी कर रात में चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।
गौरतलब है कि इसी रात तरवां थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें गौकशी व गैंगस्टर से जुड़ा शातिर बदमाश एकरार पुत्र फिरोज, निवासी कस्बा देवगांव, घायल हुआ जबकि दूसरा बदमाश फरार हो गया।
