
रिपोर्ट: आशीष निषाद
अतरौलिया/आज़मगढ़ में मकर संक्रांति के पावन अवसर पर खिचड़ी मिलन समारोह के साथ पत्रकार एवं समाचार पत्र वितरकों (हॉकरों) का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिकों की सहभागिता रही।
मिली जानकारी के अनुसार, यह आयोजन पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष दयानंद शुक्ला के सौजन्य से पंजाब नेशनल बैंक के बगल में सम्पन्न हुआ। समारोह में क्षेत्र के पत्रकारों के साथ-साथ समाचार पत्र वितरकों (हॉकरों) को अंगवस्त्र एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संजय कुमार पांडे ‘सरस’ रहे, जिनकी गरिमामयी उपस्थिति में सम्मान समारोह सम्पन्न हुआ।
मुख्य अतिथि संजय कुमार पांडे ‘सरस’ ने अपने संबोधन में कहा कि पत्रकार समाचार लिखते हैं, लेकिन उन समाचारों को जन-जन तक पहुँचाने का महत्वपूर्ण कार्य हॉकर करते हैं। उन्होंने कहा कि सर्दी, बरसात और भोर जैसे विषम हालात में भी हॉकर अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं, इसलिए पत्रकारों के साथ-साथ हॉकरों का सम्मान किया जाना सराहनीय पहल है।
आयोजक दयानंद शुक्ला ने कहा कि समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने वाले लोगों को सम्मान देना ही इस आयोजन का उद्देश्य है। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष विनोद राजभर सहित अभिषेक सिंह सोनू, आनंद पांडे, जयंत सिंह, संदीप सिंह, जगदीश पांडे, जयशंकर मिश्रा, जितेंद्र सिंह गुड्डू, शरद पांडे, शिवयतन पांडे, मुन्ना यादव, मोहित यादव, देवनारायण मिश्र, राजाराम मिश्र, विकास सिंह, डॉ. इरफान, डॉ. शिव शंकर तथा आशुतोष शुक्ला, सत्य प्रकाश शुक्ला, नित्यानंद शुक्ला, पंडित चंद्रेश जी महाराज सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
