रिपोर्ट: आशीष निषाद

अतरौलिया/आज़मगढ़। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने विपक्षी दलों, विशेषकर समाजवादी पार्टी (सपा) पर तीखा हमला बोला है। एक प्रेस वार्ता के दौरान अतरौलिया निरीक्षण भवन में उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और उनके गठबंधन एनडीए का दबदबा अगले दो दशकों से अधिक समय तक बना रहेगा।


विपक्षी राजनीति पर तीखे प्रहार
राजभर ने कहा कि महाराष्ट्र के हालिया चुनावों में सपा के सांसदों और विधायकों ने जमकर प्रचार किया, लेकिन उन्हें एक भी सीट नसीब नहीं हुई। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, समाजवादी पार्टी के लोग जहां भी जाते हैं, वहां भाजपा की जीत सुनिश्चित कर देते हैं। चाहे राजस्थान हो, हरियाणा हो या महाराष्ट्र, सपा की मौजूदगी से हमेशा भाजपा को ही फायदा हुआ है।


मुस्लिम मतदाताओं की बदलती सोच


महाराष्ट्र नगर निगम चुनावों में असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी (AIMIM) को मिली सफलता पर राजभर ने कहा कि अब मुस्लिम समाज को एहसास हो गया है कि वे केवल ‘वोट बैंक’ बनकर नहीं रह सकते। उन्होंने कहा कि मुसलमान अब शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे मुद्दों पर ध्यान दे रहे हैं और इसी कारण उन्होंने ओवैसी का साथ दिया है। उन्होंने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में मुसलमानों ने बार-बार सपा को सत्ता में पहुंचाया, लेकिन बदले में उन्हें कुछ नहीं मिला।


लंबे समय की चुनावी रणनीति का दावा
2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर पूछे गए सवाल पर राजभर ने आत्मविश्वास के साथ कहा कि केवल 2027 ही नहीं, बल्कि 2047 तक उत्तर प्रदेश में एनडीए की सरकार रहेगी। उन्होंने विकास को मुख्य चुनावी मुद्दा बताया और कहा कि जनता अब केवल काम के आधार पर वोट दे रही है।

आरक्षण, संगठन और परिवारवाद पर सफाई

पार्टी में परिवारवाद के आरोपों पर सफाई देते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी के लिए काम करने वाला हर व्यक्ति एक परिवार का हिस्सा है। उन्होंने यह भी बताया कि वे दलितों, पिछड़ों और महिलाओं के आरक्षण को लेकर गंभीर हैं और इस संबंध में उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भी लिखा है ताकि इन वर्गों के लिए सीटें सुरक्षित की जा सकें।


खजूरी कार्यक्रम को लेकर विवादित बयान
उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि 18 जनवरी रविवार को अतरौलिया के खजूरी स्थित इंटर कॉलेज के मैदान में बिना लाइसेंस के हथियार बांटे जाएंगे, जिसको जरूरत है वह आकर ले जाए।