रिपोर्ट: अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के मुबारकपुर थाना क्षेत्र के अमिलो गांव में पांच दिन पूर्व प्रॉपर्टी विवाद में अपने परिजनों के साथ मिलकर सगे भाई को घर में बंद कर बेरहमी से मारपीट कर मौत के घाट उतारने के मामले में फरार चल रहे आरोपी से बीती रात पुलिस की मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से आरोपी घायल हो गया, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मौके से अवैध तमंचा व कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि बीती रात प्रभारी निरीक्षक थाना मुबारकपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम अमिलो क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध व्यक्ति को रोकने का प्रयास किया गया, तो वह भागने लगा और पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में अभियुक्त के दाहिने पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने मौके पर ही उसे काबू में ले लिया।
घायल अभियुक्त को प्राथमिक उपचार के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुबारकपुर भेजा गया। घायल अभियुक्त की पहचान सालिम पुत्र हफीजुर्रहमान, निवासी अमिलो, थाना मुबारकपुर, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है।
बता दे कि घायल सालिम पर आरोप है कि 13 जनवरी की रात घरेलू विवाद और संपत्ति में हिस्सेदारी को लेकर अभियुक्त ने अपने परिजनों के साथ मिलकर अपने ही भाई मो. ताहिर की लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से बेरहमी से पिटाई की थी। गंभीर रूप से घायल मो. ताहिर की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी शबाना की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका उपचार चल रहा है।
इस मामले में तहरीर के आधार पर कुल आठ अभियुक्तों को नामजद किया गया था। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्त का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है।
