आजमगढ़। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा अर्हता दिनांक 01.01.2026 के आधार पर विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 हेतु घोषित कार्यक्रम के अंतर्गत आज जनपद आजमगढ़ के समस्त बूथों पर बीएलओ द्वारा ड्राफ्ट वोटर लिस्ट तथा अनकलेक्टिबल्स सूची के वाचन हेतु विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
उक्त कार्यक्रम में प्रभारी जिलाधिकारी  परीक्षित खटाना, उप जिला निर्वाचन अधिकारी राहुल विश्वकर्मा तथा सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों ने विभिन्न बूथों का निरीक्षण किया।


जनपद के समस्त विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों को 18 जनवरी 2026 को सभी मतदेय स्थलों पर बीएलओ द्वारा पढ़कर सुनाया गया। इस दौरान मतदाता उपस्थित रहे और उन्होंने अपनी प्रविष्टियों का अवलोकन किया।


मतदाता सूची में अंकित नामों का सत्यापन उपस्थित मतदाताओं के समक्ष किया गया। साथ ही विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के अंतर्गत प्रारूप-6, प्रारूप-7 एवं प्रारूप-8 पर दावे एवं आपत्तियाँ भी प्राप्त की गईं।
प्रभारी जिलाधिकारी ने बताया कि दावे एवं आपत्तियाँ प्राप्त करने की अवधि 06 जनवरी 2026 से 06 फरवरी 2026 तक निर्धारित है। इस दौरान चार विशेष अभियान तिथियाँ रखी गई हैं, जिनमें से 18 जनवरी 2026, 31 जनवरी 2026 और 01 फरवरी 2026 को बीएलओ द्वारा संबंधित मतदेय स्थलों पर उपस्थित रहकर मतदाता सूची पढ़ी जाएगी और प्रारूप 6, 7 एवं 8 पर दावे एवं आपत्तियाँ प्राप्त की जाएंगी।
उन्होंने जनपद के समस्त नागरिकों से अपील की है कि शेष विशेष अभियान की तिथियों 31 जनवरी और 01 फरवरी को अपने-अपने मतदेय स्थलों पर उपस्थित होकर मतदाता सूची पढ़े जाने के समय अपनी प्रविष्टियों का अवलोकन अवश्य करें। साथ ही पात्र व्यक्तियों के नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराने हेतु अधिक से अधिक प्रारूप-6 भरवाने में सहयोग प्रदान करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रह जाए।