आज़मगढ़। जिले में तीन दिन पूर्व लापता हुए एक ऑटो चालक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। अतरौलिया थाना क्षेत्र के निवासी युवक का शव मुबारकपुर थाना क्षेत्र में मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, अतरौलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम शेखपुरा निवासी सुबोध कुमार सिंह  पुत्र शैलेंद्र सिंह का शव शुक्रवार सुबह मुबारकपुर थाना क्षेत्र के बिजरवा गांव के पास मिला। शव मिलने की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और मृतक की पहचान सुबोध कुमार सिंह के रूप में की।

सुबोध सिंह ऑटो रिक्शा चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। परिजनों के अनुसार, वह 21 जनवरी की सुबह  घर से निकले थे, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटे। काफी खोजबीन के बाद तीन दिन पूर्व अतरौलिया थाने में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।


शुक्रवार सुबह शव मिलने की सूचना पर मुबारकपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। पुलिस मामले की  जांच-पड़ताल में जुटी हुई है।