आज़मगढ़। जिले में अपराध नियंत्रण और आम नागरिकों की सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस विभाग ने एक नई डिजिटल पहल की शुरुआत की है। वाराणसी जोन के समस्त जनपदों में ‘पुलिस सतर्क मित्र’ नामक WhatsApp-आधारित चैटबोट सेवा का शुभारम्भ किया गया है, जो अब आजमगढ़ जनपद में भी लागू कर दी गई है।
बसंत पंचमी के अवसर पर अपर पुलिस महानिदेशक, वाराणसी जोन, वाराणसी द्वारा जोन के सभी जनपदों में ‘पुलिस सतर्क मित्र’ WhatsApp चैटबोट सेवा का शुभारम्भ किया गया। इस अवसर पर पुलिस लाइन सभागार में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनपद के समस्त अधिकारी उपस्थित रहे।
पुलिस सतर्क मित्र WhatsApp बोट के माध्यम से नागरिक अपने मोबाइल फोन पर WhatsApp का उपयोग कर अपने आसपास हो रही अवैध गतिविधियों की सूचना पुलिस को सरल, सुरक्षित एवं गोपनीय तरीके से उपलब्ध करा सकते हैं। इस सेवा के अंतर्गत गौ तस्करी एवं गोहत्या, मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध हथियार, जुआ व सट्टा, महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध अपराध, मानव तस्करी, पुलिस भ्रष्टाचार, अवैध खनन सहित अन्य आपराधिक गतिविधियों से संबंधित सूचना दी जा सकती है।
पुलिस सतर्क मित्र एक स्वचालित WhatsApp चैटबोट सेवा है, जिसका मुख्य उद्देश्य नागरिकों को गुमनाम रूप से अपराध की सूचना देने का अवसर प्रदान करना, पुलिस तक तेज़ एवं विश्वसनीय जानकारी पहुँचाना तथा जनता और पुलिस के मध्य सुरक्षित एवं प्रभावी संवाद स्थापित करना है।
एसएसपी डॉ अनिल कुमार ने बताया कि
इस सेवा की सबसे बड़ी विशेषता गोपनीयता है। सूचना देने वाले नागरिक की पहचान, नाम या फोन नंबर पुलिस को प्रदर्शित नहीं होता, जिससे नागरिक बिना किसी भय के निर्भीक होकर अपराध से जुड़ी जानकारी साझा कर सकते हैं।
WhatsApp बोट का उपयोग करना अत्यंत सरल है। नागरिक अपने मोबाइल में WhatsApp खोलकर नंबर 7839860411 पर “Hi” या कोई भी संदेश भेज सकते हैं। इसके बाद बोट द्वारा पूछी गई भाषा का चयन कर समय, स्थान एवं अपराध के प्रकार से संबंधित प्रश्नों के उत्तर देने होते हैं। आवश्यकता पड़ने पर टेक्स्ट के साथ-साथ ऑडियो, फोटो या वीडियो, जैसे CCTV फुटेज भी साझा किए जा सकते हैं।
