आजमगढ़। जिले के फूलपुर कस्बे के शंकर जी मंदिर में मंगलवार रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है, जहां अज्ञात चोरों ने दो दानपेटिका तोड़कर हजारों रुपये की नकदी उड़ा ली। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।
फूलपुर कस्बे के मुख्य मार्ग स्थित श्री शंकर जी तिराहा पर बने शंकर भगवान के विशाल मंदिर में मंगलवार देर रात चोरों ने धावा बोल दिया। मंदिर में रखी तीन दानपेटिकाओं में से दो को तोड़कर चोर करीब 15 से 20 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। यह पूरी वारदात लगभग 20 मिनट के भीतर अंजाम दी गई, जो मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।
बुधवार सुबह करीब पांच बजे जब मंदिर के पुजारी राजेश्वर साफ-सफाई के लिए पहुंचे तो टूटी दानपेटिका देखकर चौंक गए। उन्होंने तत्काल मंदिर समिति को सूचना दी, जिसके बाद डायल 112 पर पुलिस को अवगत कराया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
मंदिर समिति सदस्य सुनील ने बताया कि दोनों दानपेटिकाओं में श्रद्धालुओं का चढ़ावा जमा था। वहीं मंदिर के सदस्य सुनील प्रजापति, संतोष जायसवाल और अजय जायसवाल ने अज्ञात चोरों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश में जुटी हुई है।
