आजमगढ़। जिले के बरदह थाना क्षेत्र में जमीन के फर्जी बैनामे का मामला सामने आया है। कूटरचना और धोखाधड़ी कर मृतक व्यक्ति को निःसंतान घोषित करते हुए जमीन अपने नाम कराने के आरोप में पुलिस ने एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।


सात दिसंबर 2025 को डाक पेशी पैड के माध्यम से प्राप्त प्रार्थना पत्र एवं संलग्न आदेश के आधार पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ के निर्देश पर थाना बरदह में मुकदमा पंजीकृत किया गया। आवेदिका रिंकू उर्फ रिंकी यादव पुत्री स्वर्गीय लक्षिराम यादव, निवासी ग्राम सद्दोपट्टी, थाना बरदह ने आरोप लगाया कि उनके पिता की मृत्यु के बाद विपक्षीगणों ने कूटरचना व धोखाधड़ी करते हुए उनके पिता को वसीयत के माध्यम से निःसंतान घोषित कर फर्जी तरीके से जमीन अपने नाम करवा ली। जब आवेदिका ने इसका विरोध किया तो आरोपियों द्वारा जान से मारने की धमकी भी दी गई।
इस मामले में थाना बरदह पर  पतिराम पुत्र कुन्दन, सतिराम पुत्र कुन्दन, वंशराजी पत्नी बाबूराम, सुनील, दुर्गा व विशाल पुत्रगण बाबूराम निवासी ग्राम सद्दोपट्टी, थाना गम्भीरपुर, जनपद आजमगढ़ के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया।

गुरुवार को उप निरीक्षक राजेन्द्र प्रसाद पटेल मय हमराह द्वारा अभियुक्त पतिराम यादव पुत्र स्वर्गीय कुद्दन उर्फ रामनाथ, निवासी ग्राम बौवापार, थाना बरदह, जनपद आजमगढ़ को उसके घर से  गिरफ्तार किया गया। जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।