रिपोर्ट: अरुण यादव

आजमगढ़। जिले के अहरौला थाना क्षेत्र के तरकुलहा गांव के पास शनिवार को तड़के पुलिस और गोतस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में एक हिस्ट्रीशीटर गोतस्कर के दाहिने पैर में गोली लग गई, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने मौके से अवैध तमंचा, कारतूस और बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद की है।
थाना अहरौला पुलिस शनिवार की सुबह गश्त व वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि ग्राम तरकूलहा की ओर सहराजा मोड़ से निजामपुर की तरफ दो गोतस्कर जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर बाइक सवार दोनों बदमाशों को रोकने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी।
चेतावनी के बावजूद नहीं मानने पर आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल हो गया, जबकि दूसरा फरार हो गया। घायल बदमाश की पहचान जाकिर उर्फ शैफ (38) पुत्र स्व. रफीक कुरैशी निवासी कुरैशी टोला माहुल थाना अहरौला के रूप में हुई है, जो थाने का हिस्ट्रीशीटर है।

सीओ बूढ़नपुर अजय प्रताप सिंह ने बताया कि घायल गोतस्कर ने फरार साथी का नाम दिलशाद उर्फ लालू पुत्र मुस्ताक निवासी कस्बा माहुल, अज़ामगढ़ बताया है। घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। घायल गोतस्कर के खिलाफ गोवध, हत्या, गैंगस्टर सहित कुल आठ मुकदमे दर्ज हैं।