आजमगढ़। जिले के अहरौला थाना क्षेत्र में शनिवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। माहुल–फुलवरिया मार्ग पर गौसपुर गांव के पास दो बाइकों की आमने-सामने हुई भिड़ंत में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक पूर्व प्रधान का पुत्र बताया जा रहा है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, अहरौला थाना क्षेत्र के कंदरा गांव निवासी 22 वर्षीय वृजमोल यादव, जो मुंबई में रहता था, शनिवार दोपहर अपने मौसेरे भाई 20 वर्षीय राम प्रवेश यादव (निवासी भरमा, थाना पवई) के साथ बाइक से दवा लेने माहुल जा रहा था। जैसे ही उनकी बाइक माहुल-फुलवरिया मार्ग पर गौसपुर गांव के पास पहुंची, सामने से आ रही दूसरी बाइक से जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि वृजमोल यादव, उसका मौसेरा भाई राम प्रवेश यादव और दूसरी बाइक पर सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही अहरौला पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल भिजवाया। जहां डॉक्टरों ने वृजमोल यादव को मृत घोषित कर दिया, जबकि राम प्रवेश यादव की हालत नाजुक देखते हुए उसे रेफर कर दिया गया।
दूसरी बाइक पर सवार घायलों की पहचान बरामदपुर गांव निवासी 20 वर्षीय आसिफ, 21 वर्षीय आफताब और 19 वर्षीय सारिक के रूप में हुई है, जिन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया गया कि मृतक वृजमोल यादव दो भाइयों और तीन बहनों में चौथे नंबर पर था। उसके पिता विक्रम यादव गांव के पूर्व प्रधान रह चुके हैं।
जैसे ही हादसे की सूचना परिवार को मिली, घर में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
