आजमगढ़। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी की ओर से 22 फरवरी 2026 को अहरौला स्थित जनता इंटर कॉलेज मैदान में सामाजिक समरसता महा रैली आयोजित की जाएगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर के नेतृत्व में होने वाली इस रैली में 10,000 से अधिक प्रबुद्ध ब्राह्मणों के साथ सर्व समाज के लोग शामिल होंगे। पार्टी इसे आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति का हिस्सा बता रही है।

शुक्रवार को आयोजित  प्रेसवार्ता में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व मंत्री डॉ. अरविंद राजभर ने बताया कि सामाजिक समरसता महा रैली का उद्देश्य समाज में विभाजन को कम करना और सभी वर्गों को साथ लेकर विकास की दिशा में आगे बढ़ना है। उन्होंने कहा कि आजमगढ़ को केवल समाजवादी पार्टी का गढ़ मानने की धारणा को चुनौती देने के लिए यह रैली ऐतिहासिक महत्व की है।
डॉ. राजभर ने बताया कि रैली में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता शामिल होंगे, जिनमें परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, राज्यसभा सांसद अनंत राय, स्थानीय भाजपा और शिवसेना के प्रदेश अध्यक्ष प्रमुख होंगे। हालांकि मुख्यमंत्री के विदेश दौरे के कारण उनके शामिल होने की संभावना नहीं है, लेकिन सरकार की ओर से प्रतिनिधि भेजे जाएंगे।
उन्होंने विपक्ष पर संविधान और आरक्षण को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। इसके साथ ही समाजवादी पार्टी पर SIR प्रक्रिया को लेकर लगाए जा रहे आरोपों को निराधार बताया।

डॉ. राजभर ने कहा कि सुभासपा सभी वर्गों को समान अधिकार देने की पक्षधर है और किसी भी वर्ग के साथ भेदभाव स्वीकार्य नहीं है।
रैली में सबसे खास बात यह होगी कि 10,000 से अधिक प्रबुद्ध ब्राह्मणों के साथ-साथ निषाद, नाई, क्षत्रीय, चौहान और अन्य सर्व समाज के लोग भी शामिल होंगे। डॉ. राजभर ने कह कि वह स्वयं विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे, बल्कि संगठन को मजबूत करने और पूर्वांचल में सभी 28 जिलों में सुभासपा की उपस्थिति बढ़ाने पर ध्यान देंगे।
इस रैली के माध्यम से पार्टी समाजवादी पार्टी के आजमगढ़ में मजबूत गढ़ को चुनौती देते हुए आगामी  वर्ष 2027 विधानसभा चुनाव के लिए संदेश देने का प्रयास करेगी।