आजमगढ़। जिले के रानी की सराय थाना क्षेत्र के महमूदपुर गांव के पास मंगलवार शाम करीब छह बजे सीमेंट लदी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने मरीज लेकर जा रहे ऑटो को टक्कर मार दी। घटना में कोई गंभीर चोट नहीं आई।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना मंगलवार की शाम लगभग छह बजे हुई। आजमगढ़ की ओर से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने चेकपोस्ट की तरफ जा रहे ऑटो को टक्कर मार दी। ऑटो चालक हरिराम गुप्ता ने बताया कि ट्रैक्टर ने ऑटो को लगभग 50 मीटर तक घसीटते हुए ले गया। इस दौरान ऑटो सड़क किनारे खड़ी एक स्कॉर्पियो से भी टकरा गई। ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
ऑटो में सवार चालक सहित तीन लोग बाल-बाल बच गए। घटना की सूचना मिलते ही रानी की सराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर, ऑटो व स्कॉर्पियो को कब्जे में लेकर थाने ले गई। थाना प्रभारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि भागे हुए ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है और तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
