आजमगढ़। जिले में होली पर्व के मद्देनज़र रेलवे से आने वाले माल की सघन जांच के दौरान राज्य कर विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच से बचने के लिए बिना वैध दस्तावेजों के लाए जा रहे रेडीमेड गारमेंट्स पकड़े गए, जिस पर विभाग ने अर्थदंड लगाया है।
स्थानीय सूत्रों से इनपुट मिला कि कुछ रेलवे वेंडर रेलवे जांच से बचने के लिए कंटेनर ट्रक हायर कर कोलकाता से आजमगढ़ तक रेडीमेड गारमेंट्स बिना वैध प्रपत्रों के मंगा रहे हैं।
सूचना के आधार पर संयुक्त आयुक्त (वि.अनु.शा.) राज्य कर, आजमगढ़ संभाग नीलेश कुमार सिंह के निर्देशन में सचल दल प्रभारी आजमगढ़ अविनाश चंद्र राय द्वारा 24 फरवरी को दोपहर करीब 12:59 बजे हुसैनगंज में एक वाहन को जांच के लिए रोका गया। जांच में वाहन पर 72 पेटी रेडीमेड गारमेंट्स लोड पाई गईं।
वाहन चालक अमित कुमार ने बताया कि माल कोलकाता से आजमगढ़ लाया जा रहा है, लेकिन वह माल से संबंधित कोई भी बिल, बिल्टी, इनवॉयस, डिलीवरी चालान अथवा अन्य वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। ई-वे बिल ऑफिसर्स लॉगिन एप पर जांच के दौरान एक ई-वे बिल संख्या 652064414705 (दिनांक 23 फरवरी 2026) जनरेट पाया गया, लेकिन भौतिक सत्यापन में उक्त ई-वे बिल से संबंधित कोई भी माल वाहन पर मौजूद नहीं मिला।
आगे की जांच में स्पष्ट हुआ कि ई-वे बिल का पार्ट-बी रेल परिवहन के लिए अपडेट किया गया था, जिससे यह प्रमाणित हुआ कि संबंधित माल का परिवहन इस वाहन से नहीं किया जा रहा था। जांच में यह भी स्पष्ट पाया गया कि 50 हजार रुपये से अधिक मूल्य के करयोग्य माल का परिवहन बिना वैध टैक्स इनवॉयस और ई-वे बिल के किया जा रहा था, जो जीएसटी अधिनियम का स्पष्ट उल्लंघन है।
मामले में संबंधित पक्ष को नोटिस जारी किया गया। नोटिस के अनुपालन में माल स्वामी से भिन्न व्यक्ति (पर्सन इन चार्ज ऑफ गुड्स) द्वारा शुक्रवार को कुल 7,36,596 रुपये की धनराशि अर्थदंड के रूप में जमा कराई गई।
