आजमगढ़। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के तकिया इलाके में होलिका जुलूस के दौरान हंगामा कर शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वाले सात अराजकतत्वों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने पहचान कर कार्रवाई की।

बता दे कि बीते तीन मार्च को कोतवाली थाना क्षेत्र के तकिया इलाके में होलिका जुलूस के दौरान कुछ अराजकतत्वों ने अपनी बेल्ट निकालकर हंगामा करते हुए माहौल बिगाड़ने और शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास किया था। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस ने वीडियो और फोटोग्राफ का अवलोकन कर आरोपियों की पहचान शुरू की।

कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को कार्रवाई करते हुए जुलूस के दौरान अराजकता फैलाने का प्रयास करने वाले सात अराजकतत्वों को चिन्हित कर गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने चेतावनी दी  कि किसी भी धार्मिक या सांस्कृतिक कार्यक्रम, जुलूस अथवा त्यौहार के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने या माहौल खराब करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।