आजमगढ़। जिले के बरदह थाना क्षेत्र में खेत से किर्लोस्कर पम्पसेट चोरी की घटना का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गया पम्पसेट बरामद किया है, जबकि एक आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस भी मिला है।

बरदह थाना क्षेत्र के भीरा गांव निवासी मजनू सरोज पुत्र धिरजु सरोज ने बीते 6 मार्च  को पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 5 मार्च की रात अज्ञात व्यक्ति उनके खेत में लगा 5 हार्स पावर का किर्लोस्कर इंजन (पम्पसेट) चोरी कर ले गए। इस सूचना पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
जांच के दौरान शनिवार की सुबह  उपनिरीक्षक रितेश खरवार अपनी पुलिस टीम के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर त्रिवेणी मोड़ से दो आरोपियों पवन पुत्र नरसू सरोज और किशन सरोज पुत्र राजाराम निवासीगण ग्राम भीरा थाना बरदह को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने जब आरोपी पवन की तलाशी ली तो उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने 5 मार्च को खेत से पम्पसेट चोरी करने की बात स्वीकार की।

उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गया किर्लोस्कर पम्पिंग सेट भी बरामद कर लिया।
इस मामले में पुलिस ने पहले से दर्ज मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए कार्रवाई की है, वहीं आरोपी पवन के खिलाफ अवैध तमंचा बरामद होने पर आर्म्स एक्ट के तहत अलग से मुकदमा भी दर्ज किया गया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया।