आजमगढ़। जिले के बिलरियागंज थाना क्षेत्र में सोमवार को एक बुजुर्ग द्वारा ट्यूबवेल के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार बिलरियागंज थाना क्षेत्र के हरखपुर गांव निवासी राम उग्रह चौहान पुत्र स्वर्गीय दूईज चौहान सोमवार की सुबह घर से निकलकर गागेपुर गांव के सिवान स्थित अपने ट्यूबवेल पर गए थे। बताया जा रहा है कि उन्होंने ट्यूबवेल के कमरे का दरवाजा बंद कर वहां लगे करकट से रस्सी के सहारे फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
परिजनों के अनुसार जब दोपहर में खाना खाने का समय हुआ और वह घर नहीं पहुंचे तो परिवार के लोगों को चिंता हुई। इसके बाद परिजन उन्हें खोजते हुए ट्यूबवेल पर पहुंचे। वहां दरवाजा खोलकर देखा तो राम उग्रह चौहान फांसी के फंदे से लटके हुए थे। यह दृश्य देखते ही परिजनों के होश उड़ गए और घर में चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना ग्रामीणों ने बिलरियागंज थाने को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच कर रही है।
