आजमगढ़। जिले की साइबर क्राइम पुलिस ने ट्रेडिंग एप के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपियों ने लोगों को पैसा डबल करने का झांसा देकर करीब डेढ़ करोड़ रुपये की साइबर ठगी की थी। पुलिस ने आरोपियों के पास से मोबाइल फोन, नगदी और एक चार पहिया वाहन भी बरामद किया है।
थाना साइबर क्राइम पुलिस ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रेडिंग के नाम पर ठगी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
बताया गया कि सिधारी थाना क्षेत्र के अली असद कॉलोनी निवासी अब्दुल्ला पुत्र मंसूर अहमद ने शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ लोगों ने क्यूटेक्स नामक गेमिंग/ट्रेडिंग एप के माध्यम से पैसा डबल करने का झांसा दिया। आरोपियों ने सोशल मीडिया ग्रुप के जरिए लिंक भेजकर पीड़ित और उसके परिजनों को जोड़ लिया और करीब 1.5 करोड़ रुपये की साइबर ठगी कर ली।
इस मामले में साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान प्रभारी निरीक्षक देवेन्द्र प्रताप सिंह व उनकी टीम ने रविवार को सेमरहा क्षेत्र से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मो. हारिस पुत्र एजाज अहमद और अबू फाजिल पुत्र मो. खालिद निवासी ग्राम साहरिया, थाना निजामाबाद के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन, पांच हजार रुपये नगद, एक पैन कार्ड और एक चार पहिया वाहन बरामद किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों का चालान कर उन्हें न्यायालय भेज दिया है।
