आजमगढ़। आगामी त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव को देखते हुए जिले में पंचायत मतदाता सूची के शुद्धीकरण का कार्य तेजी से चल रहा है। सत्यापन अभियान के दौरान अब तक 1,90,253 डुप्लीकेट और अपात्र मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जा चुके हैं, जबकि बड़ी संख्या में मतदाताओं का सत्यापन अभी जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार आगामी पंचायत चुनाव को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन की ओर से जिले भर में पंचायत मतदाता सूची के सत्यापन और शुद्धीकरण का अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत जिले में कुल 18,15,185 मतदाताओं को संदिग्ध श्रेणी में चिह्नित किया गया था।
अब तक इनमें से 16,15,060 मतदाताओं का वेरीफिकेशन पूरा कर लिया गया है। जांच के दौरान 14,24,807 मतदाता वैध पाए गए, जबकि 1,90,253 मतदाताओं को डुप्लीकेट या अपात्र मानते हुए उनका नाम मतदाता सूची से हटा दिया गया।
बताया गया है कि अभी भी जिले में करीब 2,00,125 मतदाताओं का सत्यापन कार्य शेष है। इसके लिए संबंधित कर्मचारियों और बीएलओ को घर-घर जाकर मतदाताओं का भौतिक सत्यापन करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल न रह सके।
एडीओ पंचस्थानीय व नगरीय निकाय राजा राम वर्मा ने बताया कि पंचायत चुनाव के लिए मतदाता सूची को पारदर्शी बनाने की प्रक्रिया तेज गति से चल रही है। एक-एक मतदाताओं का सत्यापन कराया जा रहा है। 1.90 लाख से अधिक अपात्र व डुप्लीकेट लोगों का नाम सूची से हटा दिया गया है।
