रिपोर्ट: आशीष निषाद

आजमगढ़। जिले के अतरौलिया थाना क्षेत्र में सफाईकर्मी की नौकरी दिलाने के नाम पर तीन लाख रुपये की ठगी करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से पकड़कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

मिली जानकारी के अनुसार अतरौलिया थाना क्षेत्र के गोविंदपुर गांव निवासी कन्हैया पुत्र स्व. अलगू यादव ने बीते 5 मार्च को थाना अतरौलिया में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि महाजी सिंगवारा थाना कोतवाली महराजगंज निवासी परमानंद यादव पुत्र मनिराम यादव और रामानंद यादव पुत्र बलिराम यादव ने उसके पुत्र रणधीर यादव उर्फ मिंटू यादव को सफाईकर्मी की नौकरी दिलाने का झांसा दिया। आरोप है कि करीब तीन वर्ष पहले दोनों ने नौकरी दिलाने के नाम पर उससे तीन लाख रुपये ले लिए।
बताया गया कि लंबे समय तक नौकरी न मिलने पर जब रुपये वापस मांगे गए तो दोनों आरोपी टालमटोल करने लगे। इस मामले में पुलिस ने  मुकदमा दर्ज किया। विवेचना के दौरान साक्ष्य मिलने पर मुकदमे में कई धाराएं भी बढ़ा दी।

सोमवार को उपनिरीक्षक उमेश चंद पुलिस टीम के साथ आरोपियों की तलाश में दबिश दे रहे थे। इसी दौरान सूचना के आधार पर आरोपी परमानंद यादव को गायत्री नगर रेलवे स्टेशन, आजमगढ़ के पास से  गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने बताया कि उसका भाई रामानंद यादव पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के रास्ते लखनऊ जा रहा है।

इसके बाद पुलिस टीम ने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के फुलवरिया क्षेत्र, थाना अहरौला के पास से रामानंद यादव को  हिरासत में ले लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।