आजमगढ़। जिले के निजामाबाद थाना क्षेत्र में आपसी विवाद के दौरान हुए जानलेवा हमले और सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को असनी पुलिया के पास से दबोचकर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

बीते रविवार को सुबह ग्राम बारीखास थाना निजामाबाद क्षेत्र में नल से पानी ले जाते समय पानी गिरने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। प्रथम पक्ष की विमला देवी पत्नी स्वर्गीय हरेन्द्र चौहान व विनीता पुत्री स्वर्गीय हरेन्द्र चौहान तथा द्वितीय पक्ष की सरिता पत्नी जगदीश चौहान व गोविन्द पुत्र भगेलू चौहान के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
बताया गया कि दोनों पक्षों ने गाली-गलौज करते हुए बांस के डंडों से एक-दूसरे पर हमला कर दिया, जिससे दोनों पक्षों के लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे बीट आरक्षी ने समझाने की कोशिश की, लेकिन दोनों पक्ष उग्र हो गए और सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए एक-दूसरे को जान से मारने की धमकी देने लगे। इस मामले में थाना निजामाबाद पर मुकदमा  दर्ज किया गया।

मंगलवार को उपनिरीक्षक लाला राम पुलिस टीम के साथ क्षेत्र भ्रमण और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि इस मुकदमे में वांछित अभियुक्त गोविन्द चौहान पुत्र भगेलू चौहान निवासी बारीखास असनी पुलिया के पास कहीं जाने की फिराक में खड़ा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।