आजमगढ़। जिले  के दीदारगंज थाना क्षेत्र में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर दो पासपोर्ट बनवाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पासपोर्ट सत्यापन के दौरान खुलासा होने के बाद पुलिस ने वांछित आरोपी को दीदारगंज बाजार से गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

दीदारगंज पुलिस ने फर्जी कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर दो पासपोर्ट बनवाने के मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 20 जनवरी 2026 को थाना दीदारगंज में तैनात उपनिरीक्षक सुरेन्द्र सिंह यादव द्वारा पासपोर्ट धारक जीतेन्द्र पुत्र प्यारेलाल निवासी ग्राम करूई थाना दीदारगंज जनपद आजमगढ़ के पासपोर्ट सत्यापन की जांच की जा रही थी।
जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि जीतेन्द्र ने अपना नाम, पता और जन्मतिथि बदलकर फर्जी व कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर दो पासपोर्ट बनवाने के लिए आवेदन किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक के आदेश पर थाना दीदारगंज में  दर्ज किया गया।
इसके बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। इसी क्रम में शुक्रवार को उपनिरीक्षक अनिल कुमार सिंह अपनी टीम के साथ क्षेत्र में मौजूद थे, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि इस मामले से संबंधित आरोपी दीदारगंज बाजार में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी जीतेन्द्र पुत्र प्यारेलाल को गिरफ्तार कर लिया।