आजमगढ़। जिले के मुबारकपुर थाना क्षेत्र में घर में घुसकर चाकू से हमला करने के मामले में पुलिस ने तीन वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त तीन चाकू भी बरामद किए हैं। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

मुबारकपुर थाना क्षेत्र के नेवादा रजानगर गांव में गुरुवार  की रात  कहासुनी के बाद कुछ लोगों ने एक घर में घुसकर गाली-गलौज करते हुए चाकू से हमला कर दिया। हमले में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे अन्य परिजनों को भी चोटें आईं। आरोप है कि हमलावरों ने घर के बाहर खड़े दोपहिया वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुबारकपुर थाने में मुकदमा केस दर्ज किया। 

शुक्रवार  को वांछित आरोपियों की तलाश में चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर पिचरी गेट के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सलीम जावेद पुत्र स्वर्गीय सगीर, अब्दुल अजीम पुत्र स्वर्गीय सगीर और अब्दुल कादिर पुत्र स्वर्गीय सगीर निवासी नेवादा रजानगर थाना मुबारकपुर के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर नेवादा स्थित पानी की टंकी के पास से घटना में प्रयुक्त तीन चाकू बरामद किए।