आजमगढ़। जिले में थानों पर लंबित मालों के निस्तारण और ‘ऑपरेशन दहन’ को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें जनपद के सभी थानों के हेड मोहर्रिर और मालखाना मोहर्रिर को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में शुक्रवार को दोपहर पुलिस लाइन आजमगढ़ के सभागार में कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का उद्देश्य जनपद के विभिन्न थानों में लंबित मालों के शीघ्र और प्रभावी निस्तारण के साथ ‘ऑपरेशन दहन’ से जुड़े कार्यों को सुव्यवस्थित तरीके से संपादित करना रहा।
कार्यशाला में जनपद के समस्त थानों के हेड मोहर्रिर और मालखाना मोहर्रिर अपने-अपने अभिलेखों के साथ उपस्थित रहे। इस दौरान लंबित मालों के निस्तारण की प्रक्रिया, मालखाना अभिलेखों के सही संधारण और ‘ऑपरेशन दहन’ से संबंधित विभिन्न प्रक्रियात्मक बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि इन दिशा-निर्देशों के पालन से जनपद में लंबित मालों के निस्तारण की प्रक्रिया और अधिक प्रभावी व व्यवस्थित हो सकेगी।
कार्यशाला का संचालन अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन, क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी, अपर निदेशक अभियोजन भानु प्रताप पांडे और संयुक्त निदेशक अभियोजन शमशाद अहमद द्वारा किया गया। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी को कार्यशाला का नोडल अधिकारी नामित किया गया, जो अभियोजन कार्यालय के साथ समन्वय स्थापित कर संबंधित कार्यवाही सुनिश्चित कराएंगे।
