आज़मगढ़। जिले  के मुबारकपुर क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक  सड़क हादसा हो गया। दामोदरपुर अंडरपास के पास कार चलाना सीख रही महिला ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे नौवीं के छात्र की मौत हो गई जबकि उसका साथी घायल हो गया। हादसे के बाद कार सवार दंपति घायलों को अस्पताल में छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार मुबारकपुर कस्बा के शिवकुटी नूरपुर बुतात मोहल्ला निवासी शिवा पटवा (16) पुत्र … नौवीं कक्षा का छात्र था। शुक्रवार दोपहर वह अपने मोहल्ले के साथी आदित्य मौर्य उर्फ शनि मौर्य (20) के साथ बाइक से दामोदरपुर गांव गन्ने का जूस पीने गया था। जूस लेकर दोनों बाइक से वापस घर लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि जब दोनों पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की सर्विस रोड से दामोदरपुर गांव के पास बने अंडरपास के करीब पहुंचे, तभी एक महिला अपने पति के साथ कार चलाना सीख रही थी। इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद कार में मौजूद पति दोनों घायलों को कार से लेकर शहर के सिधारी स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद छात्र शिवा पटवा को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसका साथी घायल बताया गया।  बताया जा रहा है कि इसके बाद कार सवार पति-पत्नी दोनों घायलों को अस्पताल में छोड़कर वहां से फरार हो गए।
सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोग और परिजन सिधारी क्षेत्र के कई अस्पतालों में घायलों की तलाश करते रहे। काफी देर तक भटकने के बाद उन्हें हादसे और मौत की जानकारी मिल सकी। शिवा पांच भाइयों और एक बहन में चौथे नंबर पर था।


प्रभारी निरीक्षक शशिमौली पांडेय ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। लोहरा पुलिस चौकी की पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।