आज़मगढ़। जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के पासीपुर गांव के पास शुक्रवार दोपहर स्कूल से घर लौट रही तीन छात्राओं को तेज रफ्तार बोलेरो ने टक्कर मार दी। हादसे में एक छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य छात्राएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार कप्तानगंज थाना क्षेत्र के पासीपुर गांव निवासी 12 वर्षीय आरुषि पुत्री हरेंद्र, 11 वर्षीय संजना पुत्री रमेश तथा लहरपार गांव निवासी 10 वर्षीय रोशनी पुत्री फूलचंद पासीपुर स्थित जूनियर हाईस्कूल में पढ़ने गई थीं। शुक्रवार दोपहर स्कूल की छुट्टी होने के बाद तीनों छात्राएं पैदल घर लौट रही थीं।
इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने तीनों को टक्कर मार दी और चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों छात्राएं गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ीं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंच गए।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल छात्राओं को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने आरुषि को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि आरुषि तीन बहनों में सबसे बड़ी थी। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
