आजमगढ़। जिले में उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस पदों की भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। शनिवार और रविवार को 12 परीक्षा केंद्रों पर दो-दो पालियों में परीक्षा आयोजित की गई है। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सुरक्षा और निगरानी के कड़े इंतजाम किए गए हैं। अब से कुछ ही घंटों में परीक्षा शुरू होगी।
उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस के पदों पर सीधी भर्ती की लिखित परीक्षा 14 और 15 मार्च को दो-दो पालियों में आयोजित की जाएगी। जिले में कुल 12 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रत्येक पाली में 5040 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली की परीक्षा अपराह्न तीन बजे से शाम पांच बजे तक होगी।
परीक्षा को निष्पक्ष एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए सेक्टर और स्टैटिक मजिस्ट्रेट के साथ केंद्र व्यवस्थापकों की तैनाती की गई है। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और अभ्यर्थियों की पहचान के लिए बायोमैट्रिक व्यवस्था भी की गई है। कोई भी अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र के अंदर किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस लेकर प्रवेश नहीं करेगा।
एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि पुलिस भर्ती परीक्षा को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सभी परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल तैनात रहेगा। इसके साथ ही रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन और बाजारों में भी अतिरिक्त पुलिस की ड्यूटी लगाई गई है।
परीक्षार्थियों की भीड़ को देखते हुए परिवहन निगम की ओर से विभिन्न रूटों पर अतिरिक्त बसें भी चलाई जाएंगी। बसों की उद्घोषणा कर अभ्यर्थियों को जानकारी दी जाएगी। साथ ही रोडवेज कर्मियों की ड्यूटी भी लगाई गई है, ताकि परीक्षार्थियों को बसों के रूट और ठहराव की जानकारी मिल सके
