आजमगढ़। जिले के मुबारकपुर नगर में एक युवक ने अपने कमरे में साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।

मिली जानकारी के अनुसार मुबारकपुर नगर के मोहल्ला पुरा रानी निवासी अमित जायसवाल (25) ने शनिवार की शाम करीब साढ़े चार बजे अपने कमरे में साड़ी का फंदा बनाकर खुदकुशी कर ली। बताया जा रहा है कि अमित जायसवाल मुंबई में रहकर काम करता था और होली के अवसर पर घर आया हुआ था। शनिवार की सुबह वह कहीं घूमने चला गया था और दोपहर में वापस घर लौट आया। घर पहुंचने के बाद उसने अपनी मां से खिचड़ी बनाने के लिए कहा। मां किचन में खिचड़ी बनाने चली गई, जबकि अमित अपने कमरे में चला गया।


कुछ देर बाद जब मां खिचड़ी बनाकर बेटे को बुलाने उसके कमरे के पास पहुंची तो दरवाजा अंदर से बंद था। मां ने कई बार आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इस पर मां ने यह बात पिता को बताई। पिता ने भी आवाज लगाई, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। अनहोनी की आशंका होने पर पिता ने खिड़की से झांककर देखा तो उनका बेटा कमरे के अंदर साड़ी के फंदे से लटका हुआ दिखाई दिया।
यह दृश्य देखकर मां-बाप दहाड़े मारकर रोने लगे। उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया।


मुबारकपुर थाना प्रभारी निरीक्षक शशि मौली पांडेय ने बताया कि मृतक अमित जायसवाल दो भाइयों और पांच बहनों में सबसे छोटा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों से पूछताछ कर घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।