आजमगढ़। जिले के शहर कोतवाली क्षेत्र के हाफिजपुर चौराहे के पास देर रात तेज रफ्तार ब्रेजा कार ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कार चला युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया है।

मिली जानकारी के अनुसार कप्तानगंज थाना क्षेत्र के कप्तानगंज कस्बा निवासी अभिषेक गुप्ता 25 वर्ष पुत्र श्रवण कुमार गुप्ता अपनी ब्रेजा कार से जिला मुख्यालय से रविवार को देर घर जाने के लिए निकला। रात करीब एक बजे जैसे ही उनकी कार शहर कोतवाली क्षेत्र के हाफिजपुर चौराहे के पास पहुंची, तभी आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से तेज रफ्तार कार की जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का बायां हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, वहीं तेज़ झटके के कारण ट्रैक्टर भी ट्रॉली से अलग हो गया। हादसे के दौरान कार का एयरबैग खुल गया, जिससे चालक की जान बच गई, हालांकि वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची बलरामपुर पुलिस चौकी की टीम ने घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। इसके साथ ही दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को पुलिस चौकी लाया गया है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। यदि किसी पक्ष की ओर से शिकायत मिलती है तो मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।