रिपोर्ट___आशीष निषाद

आजमगढ़। जिले के अतरौलिया थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जहां स्कूल जा रहे कक्षा 9 के छात्र की स्कूली बस की चपेट में आने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद बस चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। इस घटना से पूरे इलाके में शोक के साथ-साथ भारी आक्रोश भी व्याप्त है।मिली जानकारी के अनुसार, अतरौलिया थाना क्षेत्र के पकड़डीहा गांव निवासी आनंद राजभर (कक्षा 9) बुधवार सुबह अपने घर से साइकिल से स्कूल के लिए निकला था। वह करीब 5 किलोमीटर दूर स्थित पटेल मेमोरियल इंटर कॉलेज में पढ़ता था। रोज की तरह वह गोरहरपुर गांव के पास स्कूल तिराहे की ओर बढ़ रहा था, तभी तेज रफ्तार से आ रही एक स्कूली बस ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि छात्र ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे को और भयावह बनाने वाली बात यह रही कि टक्कर के बाद छात्र का शव और उसकी साइकिल बस में फंस गए, लेकिन चालक ने बस रोकने के बजाय उसे और तेज गति से दौड़ा दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छात्र का शव करीब 50 मीटर तक बस में घसीटता रहा, जबकि उसकी साइकिल लगभग 100 मीटर तक सड़क पर घिसटती रही। इसके बावजूद बस चालक ने वाहन नहीं रोका और सीधे स्कूल परिसर में बस खड़ी कर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए और घटना को लेकर गहरा आक्रोश व्यक्त करने लगे। सूचना मिलते ही अतरौलिया थाना प्रभारी देवेंद्र नाथ दुबे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घटना की जांच शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि दुर्घटना में शामिल बस एक निजी स्कूल की है। वहीं यह भी जानकारी सामने आई है कि जिस स्कूल की बस से हादसा हुआ और जिस विद्यालय में छात्र पढ़ता था, दोनों का प्रबंधन एक ही व्यक्ति के पास बताया जा रहा है। इस जानकारी के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी और बढ़ गई है। पुलिस के अनुसार, परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी चालक की तलाश की जा रही है। थाना प्रभारी देवेंद्रनाथ दुबे ने बताया कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही बस को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। वहीं इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक छात्र के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी मातम का माहौल है और लोग इस घटना को लेकर बेहद दुखी और आक्रोशित हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपी चालक के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए और भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं। यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और लापरवाह ड्राइविंग पर गंभीर सवाल खड़े करता है। खासकर स्कूली वाहनों के संचालन में लापरवाही बच्चों की जान के लिए कितना खतरनाक साबित हो सकती है, यह घटना उसकी भयावह मिसाल बन गई है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और पूरे प्रकरण का जल्द खुलासा करने की बात कही जा रही है।