
रिपोर्ट___अरुण यादव
आजमगढ़। जिले में अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए रोटरी क्लब ने एक सराहनीय पहल की। शनिवार को क्लब के अध्यक्ष श्रेय अग्रवाल एवं सचिव रवि शंकर प्रजापति के नेतृत्व में नगर के हीरापट्टी स्थित विहान बालिका आवासीय विद्यालय में निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य श्रमिक परिवारों से जुड़ी बालिकाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना और उन्हें मौसमी व अन्य बीमारियों के प्रति जागरूक करना था। शिविर के दौरान बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अंकुर अग्रवाल और दंत चिकित्सक डॉ. सुरेंद्र कुमार यादव ने विद्यालय की 50 बालिकाओं के स्वास्थ्य की गहन जांच की।
चिकित्सकों ने बच्चियों को व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित आहार और दांतों की सही देखभाल के बारे में विस्तार से जानकारी दी। जांच के बाद सभी बालिकाओं को रोटरी क्लब की ओर से निःशुल्क दवाइयां और दंत मंजन भी वितरित किया गया। विद्यालय की वार्डन प्रिया प्रसाद ने रोटरी क्लब के इस मानवीय प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन से वंचित वर्ग की बच्चियों को स्वास्थ्य लाभ के साथ-साथ जागरूकता भी मिलती है। इस अवसर पर गर्ग गर्ग सैनिटरी मार्बल के प्रोपराइटर राकेश अग्रवाल, रित्विक जायसवाल, रोटरी क्लब के पंकज अग्रवाल, आनंद बरनवाल, शिवम अग्रवाल, सहित विद्यालय की अनीता, नीलम, मंजू, मीरा और शिवम श्रीवास्तव समेत कई लोग उपस्थित रहे।
