रिपोर्ट___अरुण यादव

आजमगढ़। जिले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत थाना मुबारकपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने प्रतिबंधित पशु वध से जुड़े एक मामले का सफल अनावरण करते हुए एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 1 मई 2026 को लोहरा चौकी पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम फखरुद्दीनपुर स्थित ग्रीन पैराडाइज ढाबा के पीछे मिट्टी के टीले पर प्रतिबंधित पशु के अवशेष पड़े हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने सिर, खाल समेत अन्य अवशेष बरामद कर पशु चिकित्सा विभाग को सौंपा और शेष अवशेषों को जमीन में दबवा दिया। इस मामले में थाना मुबारकपुर में गोवंशीय संरक्षण अधिनियम व पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान सलमान अहमद निवासी खैराबाद, जनपद मऊ का नाम सामने आया। 2 मई को पुलिस टीम को सूचना मिली कि आरोपी दामोदरपुर मार्ग स्थित एक बाग में मौजूद है और किसी वारदात की फिराक में है। पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपी ने फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके बाएं पैर में लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर सीएचसी मुबारकपुर भेजा गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, तीन जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, एक मोबाइल फोन और 250 रुपये नकद बरामद किए हैं। इस संबंध में आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर छुट्टा गोवंशीय पशुओं को पकड़कर उनका वध करता था और मांस बेचता था। घटना की रात भी वह अपने साथियों के साथ मिलकर एक लावारिस पशु का वध कर रहा था, लेकिन लोगों की आहट मिलने पर मौके से फरार हो गया था। वहीं इस पूरी कार्रवाई में थाना मुबारकपुर पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही, जिसकी वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा प्रशंसा की जा रही है।