रिपोर्ट____अरुण यादव

परिजनों का आरोप—शराब में जहर देकर की गई हत्या, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा

आजमगढ़। जिले के बरदह थाना क्षेत्र के लीलाई गांव निवासी 55 वर्षीय रामअवध बिंद की जौनपुर जनपद में एक बारात के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि बारात में शराब में जहर मिलाकर उनकी हत्या की गई है। जानकारी के अनुसार, लीलाई गांव निवासी रामअवध बिंद मंगलवार को गांव के सुनील बिंद के विवाह समारोह में शामिल होने जौनपुर के खेता सराय थाना क्षेत्र के महरौडा गांव गए थे। रात करीब 11 बजे उन्होंने परिजनों को फोन कर तबीयत खराब होने की सूचना दी थी। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजन जब शव लेकर गांव पहुंचे तो घर में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पुत्र रविंद्र बिंद ने आरोप लगाया कि उनके पिता बारात में जयमाल स्टेज के पीछे अचेत अवस्था में मिले थे। घटना की सूचना परिजनों को समय पर नहीं दी गई। उन्होंने आशंका जताई कि शराब में जहर मिलाकर उनके पिता की हत्या की गई है।परिजनों के अनुसार, मृतक के साथ गांव के अन्य लोग भी बारात में मौजूद थे, लेकिन किसी ने भी समय रहते सूचना नहीं दी। यहां तक कि मृतक का चचेरा भाई, जो बारात में डीजे लेकर गया था, उसे भी घटना की जानकारी नहीं दी गई। मृतक के पांच पुत्र और एक पुत्री हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। घटना के बाद पत्नी लालती देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं इस पूरे मामले में थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामला संदिग्ध मानकर जांच की जा रही है।